Sunday, March 22, 2015

माँ ब्रह्मचारिणी।

माँ ब्रह्मचारिणी।
नवरात्र पर्व के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जाती है। साधक इस दिन अपने मन को माँ के चरणों में लगाते हैं। ब्रह्म का अर्थ है तपस्या और चारिणी यानी आचरण करने वाली। इस प्रकार ब्रह्मचारिणी का अर्थ हुआ तप का आचरण करने वाली। इनके दाहिने हाथ में जप की माला एवं बाएँ हाथ में कमण्डल रहता है।
इस दिन साधक कुंडलिनी शक्ति को जागृत करने के लिए भी साधना करते हैं। जिससे उनका जीवन सफल हो सके और अपने सामने आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा का सामना आसानी से कर सकें।

माँ दुर्गाजी का यह दूसरा स्वरूप भक्तों और सिद्धों को अनन्तफल देने वाला है। इनकी उपासना से मनुष्य में तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार, संयम की वृद्धि होती है। जीवन के कठिन संघर्षों में भी उसका मन कर्तव्य-पथ से विचलित नहीं होता।
माँ ब्रह्मचारिणी देवी की कृपा से उसे सर्वत्र सिद्धि और विजय की प्राप्ति होती है। दुर्गा पूजा के दूसरे दिन इन्हीं के स्वरूप की उपासना की जाती है। इस दिन साधक का मन ‘स्वाधिष्ठान ’चक्र में शिथिल होता है। इस चक्र में अवस्थित मनवाला योगी उनकी कृपा और भक्ति प्राप्त करता है।

इस दिन ऐसी कन्याओं का पूजन किया जाता है कि जिनका विवाह तय हो गया है लेकिन अभी शादी नहीं हुई है। इन्हें अपने घर बुलाकर पूजन के पश्चात भोजन कराकर वस्त्र, पात्र आदि भेंट किए जाते हैं।

प्रत्येक सर्वसाधारण के लिए आराधना योग्य यह श्लोक सरल और स्पष्ट है। माँ जगदम्बे की भक्ति पाने के लिए इसे कंठस्थ कर नवरात्रि में द्वितीय दिन इसका जाप करना चाहिए।

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।
अर्थ : हे माँ! सर्वत्र विराजमान और ब्रह्मचारिणी के रूप में प्रसिद्ध अम्बे, आपको मेरा बार-बार प्रणाम है। या मैं आपको बारंबार प्रणाम करता हूँ।

Saturday, March 21, 2015

माँ शैलपुत्री।

माँ शैलपुत्री।
देवी दुर्गा के नौ रूप होते हैं। दुर्गाजी पहले स्वरूप में 'शैलपुत्री' के नाम से जानी जाती हैं। ये ही नवदुर्गाओं में प्रथम दुर्गा हैं। पर्वतराज हिमालय के घर पुत्री रूप में उत्पन्न होने के कारण इनका नाम 'शैलपुत्री' पड़ा। नवरात्र-पूजन में प्रथम दिवस इन्हीं की पूजा और उपासना की जाती है। इस प्रथम दिन की उपासना में योगी अपने मन को 'मूलाधार' चक्र में स्थित करते हैं। यहीं से उनकी योग साधना का प्रारंभ होता है।

वृषभ-स्थिता इन माताजी के दाहिने हाथ में त्रिशूल और बाएँ हाथ में कमल-पुष्प सुशोभित है। अपने पूर्व जन्म में ये प्रजापति दक्ष की कन्या के रूप में उत्पन्न हुई थीं। तब इनका नाम 'सती' था। इनका विवाह भगवान शंकरजी से हुआ था। 'शैलपुत्री' देवी का विवाह भी शंकरजी से ही हुआ। पूर्वजन्म की भाँति इस जन्म में भी वे शिवजी की ही अर्द्धांगिनी बनीं। नवदुर्गाओं में प्रथम शैलपुत्री दुर्गा का महत्व और शक्तियाँ अनंत हैं।

कथा।
एक बार प्रजापति दक्ष ने एक बहुत बड़ा यज्ञ किया। इसमें उन्होंने सारे देवताओं को अपना-अपना यज्ञ-भाग प्राप्त करने के लिए निमंत्रित किया, किन्तु शंकरजी को उन्होंने इस यज्ञ में निमंत्रित नहीं किया। सती ने जब सुना कि उनके पिता एक अत्यंत विशाल यज्ञ का अनुष्ठान कर रहे हैं, तब वहाँ जाने के लिए उनका मन विकल हो उठा। अपनी यह इच्छा उन्होंने शंकरजी को बताई। सारी बातों पर विचार करने के बाद उन्होंने कहा- प्रजापति दक्ष किसी कारणवश हमसे रुष्ट हैं। अपने यज्ञ में उन्होंने सारे देवताओं को निमंत्रित किया है। उनके यज्ञ-भाग भी उन्हें समर्पित किए हैं, किन्तु हमें जान-बूझकर नहीं बुलाया है। कोई सूचना तक नहीं भेजी है। ऐसी स्थिति में तुम्हारा वहाँ जाना किसी प्रकार भी श्रेयस्कर नहीं होगा।'

शंकरजी के इस उपदेश से सती का प्रबोध नहीं हुआ। पिता का यज्ञ देखने, वहाँ जाकर माता और बहनों से मिलने की उनकी व्यग्रता किसी प्रकार भी कम न हो सकी। उनका प्रबल आग्रह देखकर भगवान शंकरजी ने उन्हें वहाँ जाने की अनुमति दे दी। सती ने पिता के घर पहुँचकर देखा कि कोई भी उनसे आदर और प्रेम के साथ बातचीत नहीं कर रहा है। सारे लोग मुँह फेरे हुए हैं। केवल उनकी माता ने स्नेह से उन्हें गले लगाया। बहनों की बातों में व्यंग्य और उपहास के भाव भरे हुए थे।

परिजनों के इस व्यवहार से उनके मन को बहुत क्लेश पहुँचा। उन्होंने यह भी देखा कि वहाँ चतुर्दिक भगवान शंकरजी के प्रति तिरस्कार का भाव भरा हुआ है। दक्ष ने उनके प्रति कुछ अपमानजनक वचन भी कहे। यह सब देखकर सती का हृदय क्षोभ, ग्लानि और क्रोध से संतप्त हो उठा। उन्होंने सोचा भगवान शंकरजी की बात न मान, यहाँ आकर मैंने बहुत बड़ी गलती की है।

वे अपने पति भगवान शंकर के इस अपमान को सह न सकीं। उन्होंने अपने उस रूप को तत्क्षण वहीं योगाग्नि द्वारा जलाकर भस्म कर दिया। वज्रपात के समान इस दारुण-दुःखद घटना को सुनकर शंकरजी ने क्रुद्ध होअपने गणों को भेजकर दक्ष के उस यज्ञ का पूर्णतः विध्वंस करा दिया। सती ने योगाग्नि द्वारा अपने शरीर को भस्म कर अगले जन्म में शैलराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया। इस बार वे 'शैलपुत्री' नाम से विख्यात हुर्ईं। पार्वती, हैमवती भी उन्हीं के नाम हैं। उपनिषद् की एक कथा के अनुसार इन्हीं ने हैमवती स्वरूप से देवताओं का गर्व-भंजन किया था।

Friday, March 20, 2015

नवरात्र पूजन विधि।


नवरात्र पूजन विधि।
घट स्थापना-प्रथम नवरात्र को सुबह ईसान कोण में मिट्टी या ताम्रपात्र का कलश लेकर उसमें पानी भरकर, पाँच पत्ते अशोक, आम या पीपल के रखकर, उसपर सीधा नारियल रखों। यथा स्थान पर गेहूँ रखकर कलश रखें व उसपर स्वास्तिक का चिन्ह अंकित करें। व उसके साथ अखण्ड़ ज्योत प्रज्जवलित करनी चाहिए। तिल के तेल या घी का दीपक जलाना चाहिए व नेवैघ (मिठाईयों) का भोग लगाना चाहिए। शास्त्रों के अनुसार पूजा के दौरान स्थापित किये जानें वाले कलश में तैंतीस करोड़ देवी-देवताओं का वास होता हैं। और इन सभी कि शक्तियाँ इस कलश में विराजमान रहती हैं। इसलिए देवी कि पूजा में कलश स्थापना का खास महत्व होता हैं। कलश के ऊपर रखा जाने वाला श्रीफल (नारियल) शिव-शक्ति का प्रतीक होता हैं। कलश में लगाई जाने वाली पाँच पतियाँ पीपल, अशोक, गूलर, वट और आम की हो तो सर्वोतम फलदायी मानी जाती हैं। कहते हैं कलश स्थापना से सौभाग्य, विजय के साथ-साथ पूर्वजों का आर्शीवाद मिलता हैं व सभी विध्न दूर होते हैं।

पूजन विधि-कृष्ण अगरू, कपूर, चंदन, लोभान, घी व गुगल से घूप देनी चाहिए व देवी माँ कि प्रतिमा को पुष्प चढ़ाकर माला पहनानी चाहिए। देवी माँ को लाल वस्त्रों से सुशोभित करना चाहिए। अनुष्ठान करते समय दुर्गा यंत्र या दुर्गा जी का चित्रपट अवश्यन रखें। जैसा कि हम जानते ही हैं कि नवरात्रि के हर दिन देवी के एक-एक रूप का पूजन-आराधना किया जाता हैं। मंत्रो को भी उसी आधार पर अपने पूजन में प्रयुक्त करें।

व्रत कैसे करें-हमेशा स्नान के बाद शुद्व वस्त्र पहने, ऊनी आसन पर सुखासन में सीधे बैठकर साधना आरम्भ करें। इसके बाद अपने माता-पिता, गुरू, इष्ट व कुल देवता को नमन कर आसन ग्रहण करें। घी का दीपक प्रज्जवलित करें, मंत्र जाप शुरू करने से पहले या मंत्र जाप करते समय दुर्गा जी कि प्रसन्न मुद्रा का ध्यान करें। मंत्र साधना में माला को ढ़क कर या गौमुखी में रखकर मानसिक जाप करना चाहिए। दरअसल इसके पिछे गोपनियता कि भावना निहित हैं। पूजा के दौरान 108 मनकों वाली माला फेरकर मंत्र का उच्चारण करना चाहिए, जहाँ तक संभव हो रूद्राक्ष या कमल गटे कि माला का प्रयोग करना चाहिए। माला के सभी मनके समान होने चाहिए। और सभी के बीच गांठ होनी चाहिए। अनामिका को सूर्य कि अंगुली माना गया हैं। और सूर्य पाँच देवों में से एक व ग्रहों में प्रधान माने गये हैं। अतः अनामिका के सहारे माला का जाप करना उतम माना गया हैं। माला के मनकों से तर्जनी स्पर्श नहीं होनी चाहिए। माला के सुमेरू को कभी नहीं लांघे इससे जाप निश्फणल हो जाता हैं। सात्विक भोजन दिन में एक हि बार करना चाहिए। भूमि पर सोना चाहिए व पूर्ण ब्रह्मचर्य रहना चाहिए। अन्तिम दिन साधना कि पूर्णाहुति हवन के साथ करना चाहिए।

देवी स्नान-श्री माता को विधिपूर्वक स्नान करना चाहिए। वेद का पाठ पढ़कर जगदम्बा को आम या गन्ने के रस से स्नान कराया जाय तो ऐसे भक्त का लक्ष्मी व सरस्वती माँ घर छोड़कर कभी नहीं जाती हैं। द्राक्षा रस से जगदम्बा को स्नान कराने पर देवी कि कृपा हमेशा बनी रहती हैं। माँ को रत्नाभूषणों का दान करने पर भक्त निश्चरय ही धन संपदा प्राप्त करता हैं, वह निधिपति होता है। वेद का पाठ यदि कपूर, अगरू, केसर, कस्तूरी व कमल के जल से स्नान कराने पर समस्त पापों का नाश हो जाता हैं। यदि देवी को दूध भरे कलश से स्नान कराया जाए तो व्यक्ति जल की तरह समृधि पाता हैं।

शँख कि ध्वनि अत्यंत पवित्र मानी जाती हैं। पूजा के प्रारम्भ में व समाप्ति पर शंख ध्वनि का विद्यान वैदिक काल से ही रहा हैं। शंख ध्वनि के प्रभाव से वातावरण पवित्र हो जाता हैं व नकारात्मक शक्तियां नष्ट हो जाती हैं। शंख पूजन से सुख-शांति व लक्ष्मी का घर में प्रवेश होता हैं। शंख ध्वनि सुनकर देवी-देवता प्रसन्न होते हैं। और शुभ आशीष देते हैं। देवी के आयुधों (अस्त्रों) में से एक आयुध शंख हैं। कुछ लोग पूजा स्थल पर हल्दी व कुंकुम से देवी माँ के चरणों कि आकृति बनाते हैं। यह प्रतीक अत्यंत शुभदायी होता हैं। चरण गतिशीलता का प्रतीक माने जाते हैं। मान्यता है कि माँ के चरणों में आध्यात्मिक उर्जा होती हैं। जो हमारे मस्तिष्क को प्रखर बनाती हैं। पूजा स्थल के अलावा आप घर के मुख्य द्वार पर भी आप चरण बना सकते हैं ताकि माँ कि कृपा आपके कुटुम्ब पर बनी रहें। ध्यान रहें चरणों को आमने-सामने अंकित करने के बजाए दांया चरण आगे व बांया चरण थोड़ा पीछे कि और बनाए।

नवरात्र के नौ दिन माता के सामने अखण्ड ज्योत इसलिए जलाई जाती हैं। इस कामना के साथ कि माता कि साधना में कोई विध्न नहीं आवें। महोदधि (मंत्रो कि शास्त्र पुस्तिका) के अनुसार दीपक या अग्नि के समक्ष कियें गए जप का साधक को हजार गुना फल प्राप्त होता हैं। घृत (घी) युक्त ज्योति को देवी कि दाहिनी और व तेल (तिल) युक्त ज्योति देवी कि बाईं और रखनी चाहिए। इसके लिए एक छोटे दीपक का प्रयोग करना चाहिए। जब अखण्ड ज्योत में घी डालना हो, बत्ती को ठीक करना हो या गुल ठीक करना हो, तो छोटा दीपक कि लौ से जलाकर अलग रख लें। यदि अखण्ड दीपक को ठीक करते हुए आग बुझ जाती हैं। तो छोटे दीपक कि लौ से अखण्ड ज्योत पुनः जलाई जा सकती हैं। छोटे दीपक कि लौ को घी में डुबोकर ही बुझाए। शक्ति की पूजा के प्रथम दिन ज्वारे बोये जाते हैं। जो हमारी साधना की सफलता का प्रतीक होते हैं। बोए जाने के बाद यह जौ जल को अवशोषित करके फूलता हैं। और जौ का अंकुरण नवीन जीवन की उत्पति दर्शाता हैं। पूर्ण स्वस्थ हरे पीलापन लिए हुये जवारे साधना में पूर्ण सफलता व दैवीय कृपा को व्यक्त करते हैं। नौ दिन के बाद माता के विसर्जन के साथ ही ज्वारे विर्सजित कर दिये जाते हैं। एक बार जौ बौ दिए, तो कम से कम नौ साल तक बौना चाहिए। शयन व उपवास अपनी-अपनी श्रद्वा पर निर्भर करता हैं।

पूजा के दौरान देवी को गुलाब या कनेर का लाल फूल अर्पित करना चाहिए। माँ को लाल फूल चढ़ाने से इच्छा शक्ति दृढ़ होती हैं। व सभी इच्छायें पूर्ण होती हैं। शस्त्रों के अनुसार शत्रुओं का मर्दन करते समय रक्त के कारण माता का शरीर लाल हो गया था। और विजय पाकर वो बहुत खुश थी। माँ काली ने अपना यह रूप शुम्भ व निशुम्भ को मारने के लिए रखा था। यह देवी का विकराल रूप हैं। जिनकें एक हाथ में कटा मस्तक व दूसरे हाथ में तलवार होती हैं। माँ काली के द्वारा दानवों के बाद उनके इस भयंकर रूप को शांत करने के लिए देवी के सामने भगवान शिव को धरती पर लेटना पड़ा था। उसी समय माता का क्रोध शांत हुआ था व उनके मुख से जिहवा बाहर आ गई थी। इसी रूप को काली का प्रमुख रूप माना गया हैं। देवी की आराधना अर्द्धरात्रि के समय कि जाती हैं। तब से लाल रंग माता कि प्रसन्नता का प्रतीक माना जाता हैं। और उन्हें लाल रंग कि वस्तुएं चढ़ाने कि परम्परा बन गई हैं। इसमें वस्त्र, सिंदूर, पुष्प आदि शामिल हैं। ध्यान रहें पूजा के दौरान माता को दूर्वा न चढ़ाये ये माता को अप्रिय हैं।

Thursday, March 19, 2015

देवी पुराण महिमा।


देवी पुराण महिमा।
देवी पुराण के पढ़ने एवं सुनने से भयंकर रोग, अतिवृष्टि, अनावृष्टि भूत-प्रेत बाधा, कष्ट योग और दूसरे आधिभौतिक, आधिदैविक तथा आधिदैहिक कष्टों का निवारण हो जाता है। सूतजी ने इसके लिए एक कथा का उल्लेख करते हुए कहा-वसुदेव जी द्वारा देवी भागवत पुराण को पारायण का फल ही था कि प्रसेनजित को ढूंढ़ने गए श्रीकृष्ण संकट से मुक्त होकर सकुशल घर लौट आए थे। इस पुराण के श्रवण से दरिद्र धनी, रोगी-नीरोगी तथा पुत्रहीन स्त्री पुत्रवती हो जाती है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य तथा शूद्र चतुर्वर्णों के व्यक्तियों द्वारा समान रूप से पठनीय एवं श्रवण योग्य यह पुराण आयु, विद्या, बल, धन, यश तथा प्रतिष्ठा देने वाला अनुपम ग्रंथ है।

पारायण का उपयुक्त समय
सूतजी बोले-देवी भागवत की कथा-श्रवण से भक्तों और श्रद्धालु श्रोताओं को ऋद्धि-सिद्धि की प्राप्ति होती है। मात्र क्षणभरकी कथा-श्रवण से भी देवी के भक्तों को कभी कष्ट नहीं होता। सभी तीर्थों और व्रतों का फल देवी भागवत के एक बार के श्रवण मात्र से प्राप्त हो जाता है। सतयुग, त्रेता तथा द्वापर में तो मनुष्य के लिए अनेक धर्म-कर्म हैं, किंतु कलियुग में तो पुराण सुनने के अतिरिक्त कोई अन्य धार्मिक आचरण नहीं है। कलियुग के धर्म-कर्महीन तथा आचारहीन मनुष्यों के कल्याण के लिए ही श्री व्यासजी ने पुराण-अमृत की सृष्टि की थी। देवी पुराण के श्रवण के लिए यों तो सभी समय फलदायी है, किंतु फिर भी आश्विन, चैत्र, मार्गशीर्ष तथा आषाढ़ मासों एवं दोनों नवरात्रों में पुराण के श्रवण से विशेष पुण्य होता है। वास्तव में यह पुराण नवाह्र यज्ञ है, जो सभी पुण्य कर्मों से सर्वोपरि एवं निश्चित फलदायक है। इस नवाह्न यज्ञ से छली, मूर्ख, अमित्र, वेद-विमुख निंदक, चोर, व्यभिचारी, उठाईगीर, मिथ्याचारी, गो-देवता-ब्राह्मण निंदक तथा गुरुद्वेषी जैसे भयानक पापी शुद्ध और पापरहित हो जाते हैं। बड़े-बड़े व्रतों, तीर्थ-यात्राओं, बृहद् यज्ञों या तपों से भी वह पुण्य फल प्राप्त नहीं होता जो श्रीमद् देवी भागवत् पुराण के नवाह्र पारायण से प्राप्त होता है।

न गंगा न गया न काशी न नैमिषं न मथुरा न पुष्करम्।
पुनाति सद्य: बदरीवनं नो यथा हि देवीमख एष विप्रा:।
गंगा, गया, काशी, नैमिषारण्य, मथुरा, पुष्कर और बदरीवन आदि तीर्थों की यात्रा से भी वह फल प्राप्त नहीं होता, जो नवाह्र पारायण रूप देवी भागवत श्रवण यज्ञ से प्राप्त होता है। सूतजी के अनुसार-आश्विन् मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी को स्वर्ण सिंहासन पर श्रीमद् भागवत की प्रतिष्ठा कराकर ब्राह्मण को देने वाला देवी के परम पद को प्राप्त कर लेता है। इस पुराण की महिमा इतनी महान है कि नियमपूर्वक एक-आध श्लोक का पारायण करने वाला भक्त भी मां भगवती की कृपा प्राप्त कर लेता है।

Tuesday, March 17, 2015

सिद्ध सम्पुट-मन्त्र।


सिद्ध सम्पुट-मन्त्र।
दुर्गा सप्तशती के कुछ सिद्ध सम्पुट-मन्त्र।
श्रीमार्कण्डे्यपुराणान्तर्गत देवीमाहात्मय में ‘श्लोक’, ‘अर्ध श्लोक’ और ‘उवाच’ आदि मिलाकर 700 मन्त्र हैं। यह माहात्मय दुर्गासप्तशती के नाम से प्रसिद्ध है। सप्तशती अर्थ, धर्म, काम, मोक्ष- चारों पुरूषार्थों को प्रदान करने वाली है। जो पुरूष जिस भाव और जिस कामना से श्रद्धा एवं विधि के साथ सप्तशती का पारायण करता है, उसे भी भावना और कामना के अनुसार निश्चय ही फल-सिद्धि होती है। इस बात का अनुभव अगणित पुरूषों को प्रत्यक्ष हो चुका है। यहां हम कुछ ऐसे चुने हुए मन्त्रों का उल्लेख करते हैं, जिनका सम्पुट देकर विधिवत् पारायण करने से विभिन्न पुरूषार्थों की व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से सिद्धि होती है। इनमें अधिकांश सप्तशती के ही मन्त्र हैं और कुछ बाहर के भी हैं–

विपति-नाश और शुभ की प्राप्ति के लिये-
करोतु सा न: शुभहेतुरीश्वरी।
शुभानि भद्राण्यभिहन्तु चापद:।।

भय-नाश के लिये-
सर्वस्वरूपे सर्वेशे सर्वशक्तिसमविन्ते।।
भयेभ्यस्त्राहि नो देवि दुर्गे देवि नमोऽस्तु् ते।।

पाप-नाश के लिये-
हिनस्ति दैत्यातेजांसि स्वनेनापूर्य या जगत्।
सा घण्टा पातु नो देवि पापेभ्योवऽन: सुतानिव।।

रोग-नाश के लिये-
रोगानशेषानपहंसि तुष्टा, रूष्टा तु कामान् सकलानभीष्टान्।
त्वानमाश्रितानां न विपन्नपराणां, त्वामाश्रिता ह्याश्रयतां प्रयान्ति।।

महामारी-नाश के लिये-
जयन्ती मगंला काली भद्रकाली कपालिनी।
दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वाधा नमोऽस्तु ते।।

आरोग्य और सौभाग्य की प्राप्ति के लिये-
देहि सौभाग्यमारोग्यं देहि मे परमं सुखम्।
रूपं देहि जयं देहि यशो देहि द्विषो जहि।।

सुलक्षणा पत्नि की प्राप्ति के लिये-
पत्नीं मनोरमां देहि मनोवृतानुसारणीम्।
तारिणीं दुर्गसंसारसागरस्य कुलोभ्दवाम।।

रक्षा पाने के लिये-
शूलेन पाहि नो देवि पाहि खड्गेन चाम्बिके।
घण्टास्वनेन न: पाहि चापज्यानि:स्विनेन च।।

समस्त विद्याओं की और तथा समस्त स्त्रियों में मातृभाव की प्राप्ति के लिये-
विद्या: समस्तास्तव देवि भेदा:, स्त्रिय: समस्ता: सकला जगत्सु।
त्व्यैक्या पूरितम्‍मबयैतत्, का ते स्तुति: सत्‍व्‍यपरा परोक्ति:।।

सब प्रकार के कल्‍यााण के लिये-
सर्वमंगलमंलये शिवे स्वा्र्थसाधिके।
शरण्ये त्रयम्के गौरि नारायणि नमोऽस्तुे ते।।

शक्ति-प्राप्ति के लिये-
सृष्टिस्थितीविनाशांनां शक्तिभूते सनातनि।
गुणाश्रये गुण्मये नारायणि नमोऽस्तु ते।।

प्रसन्नता की प्राप्ति के लिये-
प्रणतानां प्रसीद त्‍वं देवि विश्वर्तिहारिणी।
त्रैलोक्यवासिनामीड्ये लोकानां वरदा भव।।

स्वर्ग और मोक्ष की प्राप्ति के लिये-
सर्वभूता यदा देवी स्वर्गमुक्तिप्रदानि।
त्वं स्तुता स्तुुतये का वा भवन्तु परमोक्तय:।।

स्वप्न में सिद्धि और असिद्धि जानने के लिये-
दुर्गे देवि नमस्तुुभ्यं सर्वकामार्थसाधिके।
मम सिद्धिमसिद्धिं वा स्वपने सर्वं प्रदर्शय।।

Monday, March 16, 2015

कामाक्षा देवी।

कामाक्षा देवी।
कामाक्षा देवी-साक्षात् दर्शन।
सिद्धनाथ-चरित्रसहित कामाक्षा-माहात्माय
मोहिनी बोली- विप्रवर! मैं कामाक्षा देवी का माहात्मय सुनना चाहती हॅू। पुरोहित वसु ने कहा-मोहिनी! कामाक्षा बड़ी उत्कृकष्ट देवी हैं। वे पूर्व दिशा में रहती हैं। वे कलियुग में मनुष्यों को सिद्धी प्रदान करने वाली हैं। भद्रे! जो वहां जाकर नियमित भोजन करते हुए कामाक्षा देवी का पूजन करता है और दृढ़ आसन से बैठकर वहां एक रात व्यतीत करता है, वह साधक देवी का दर्शन कर लेता है। वह देवी भंयकर रूप से मनुष्यों के सामने प्रकट होती है। उसे समय उसे देखकर जो विचलित नहीं होता, वह मनोवांचिछत सिद्धी को पा लेता है। वरानने! वहां पार्वती जी के पुत्र सिद्घनाथ रहते हैं, जो उग्र तपस्या में स्थित रहते हैं। लोगों को वे कभी दर्शन नहीं देते हैं। सत्युग, त्रेता, द्वापर- इन तीन युगों में सब लोग उन्हें प्रत्यक्ष देखते हैं, किंतु कलियुग में जबतक उसका एक चरण स्थित रहता है, वे अन्तर्धान हो जाते हैं। जो वहां जाकर भक्तिभाव से कामाक्षा देवी की नित्य पूजा करते हुए एक वर्षतक सिद्धनाथजी का चिन्तन करता है, वह स्वप्न में उनका दर्शन पाता हैं। दर्शन के अन्त में एकाग्रचित होकर उनके द्वारा सूचित की हुई सिद्धी को पाकर इस पृथ्वी पर सिद्ध होता है। शुभे! फिर वह सब लोकों की कामना पूर्ण करता हुआ हुआ सर्वत्र विचरता है। तीनों लोकों में जो-जो वस्‍तुए हैं, उन सबको वह वरदान के प्रभाव से खींच लेता है। भद्रे! विज्ञान में पारंगत योगी मत्सयनाथ ही ‘सिद्धनाथ्‍ा के नाम से वहां विराजमान हैं। वे लोगों को अभीष्ट वस्तुएं देते हुए अत्यन्त घोर तपस्या में लगे हैं।

Sunday, March 15, 2015

त्रिपुरा सुंदरी।

त्रिपुरा सुंदरी।
राजस्थान में बांसवाड़ा से लगभग 14 किलोमीटर दूर तलवाड़ा ग्राम से मात्र 5 किलोमीटर की दूरी पर ऊंची रौल श्रृखलाओं के नीचे सघन हरियाली की गोद में उमराई के छोटे से ग्राम में माताबाढ़ी में प्रतिष्ठित है मां त्रिपुरा सुंदरी। कहा जाता है कि मंदिर के आस-पास पहले कभी तीन दुर्ग थे। शक्तिपुरी, शिवपुरी तथा विष्णुपुरी नामक इन तीन पुरियों में स्थित होने के कारण देवी का नाम त्रिपुरा सुन्दरी पड़ा।

यह स्थान कितना प्राचीन है प्रमाणित नहीं है। वैसे देवी मां की पीठ का अस्तित्व यहां तीसरी शती से पूर्व का माना गया है। गुजरात, मालवा और मारवाड़ के शासक त्रिपुरा सुन्दरी के उपासक थे।

कहा जाता है कि मालव नरेश जगदेश परमार ने तो मां के श्री चरणों में अपना शीश ही काट कर अर्पित कर दिया था। उसी समय राजा सिद्धराज की प्रार्थना पर मां ने पुत्रवत जगदेव को पुनर्जीवित कर दिया था।
"निष्प्राण में फूंके प्राण, पीड़ितों का करे परित्राण

मंदिर का जीर्णोद्धार तीसरी शती के आस-पास पांचाल जाति के चांदा भाई लुहार ने करवाया था। मंदिर के समीप ही भागी (फटी) खदान है, जहां किसी समय लोहे की खदान हुआ करती थी। किंवदांती के अनुसार एक दिन त्रिपुरा सुंदरी भिखारिन के रूप में खदान के द्वार पर पहुंची, किन्तु पांचालों ने उस तरफ ध्यान नहीं दिया। देवी ने क्रोधवश खदान ध्वस्त कर दी, जिससे कई लोग काल के ग्रास बने। देवी मां को प्रसन्न करने के लिए पांचालों ने यहां मां का मंदिर तथा तालाब बनवाया। इस मंदिर का 16 वीं शती में जीर्णोद्धार कराया। आज भी त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर की देखभाल पांचाल समाज ही करता है। यहां अनेक मंदिरों के ध्वसांवशेष मिले है।

सन्‌ 1982 में खुदाई के दौरान यहां शिव पार्वती की मूर्ति निकली थी, जिसके दोनों तरफ रिद्धि-सिद्धि सहित गणेश व कार्तिकेय भी हैं। प्रचलित पौराणिक कथानुसार दक्ष-यज्ञ तहस-नहस हो जाने के बाद शिवजी सती की मृत देह कंधे पर रख कर झमने लगे। तब भगवान विष्णु ने सृष्टि को प्रलय से बचाने के लिए योगमाया के सुदर्शन चक्र की सहयता से सती के शरीर को खण्ड-खण्ड कर भूतल पर गिराना आरम्भ किया। उस समय जिन-जिन स्थानों पर सती के अंक गिरे, वे सभी स्थल शक्तिपीठ बन गए। ऐसे शक्तिपीठ 51 हैं और उन्हीं में से एक शक्तिपीठ है त्रिपुरा सुंदरी।

तीनों पुरियों में स्थित देवी त्रिपुरा के गर्भगृह में देवी की विविध आयुध से युक्त अठारह भुजाओं वाली श्यामवर्णी भव्य तेजयुक्त आकर्षक मूर्ति है। इसके प्रभामण्डल में नौ-दस छोटी मूर्तियां है जिन्हें दस महाविद्या अथवा नव दुर्गा कहा जाता है। मूर्ति के नीचे के भाग के संगमरमर के काले और चमकीले पत्थर पर श्री यंत्र उत्कीण है, जिसका अपना विशेष तांत्रिक महत्व हैं। मंदिर के पृष्ठ भाग में त्रिवेद, दक्षिण में काली तथा उत्तर में अष्ट भुजा सरस्वती मंदिर था, जिसके अवशेष आज भी विद्यमान है। यहां देवी के अनेक सिद्ध उपासकों व चमत्कारों की गाथाएं सुनने को मिलती हैं।

वाग्वरांचल में शक्ति उपासना की चिर परम्परा रही है। साढ़े ग्यारह स्वयं भू-शिवलिंगों के कारण लघुकाशी कहलाने वाला यह वाग्वर प्रदेश शक्ति आराधना के कारण ब्राही, वैष्णवी और वाग्देवी नगरी के रूप में लब्ध प्रतिष्ठित है। जगतज्जननी त्रिपुरा सुन्दरी शक्तिपीठ के कारण यहां की लोक सत्ता प्राणवंत, ऊर्जावान और शक्ति सम्पन्न है।