Saturday, February 28, 2015

ऋषि दधीचि।

ऋषि दधीचि।
प्राचीन काल में वृत्रासुर नामका एक दैत्य बडा ही उन्मत्त हो गया था। अति बलवान होनेके कारण देवताओं को उसे हराना कठिन हो गया। उसके विनाश हेतु भगवान विष्णु ने सुझाया कि दधीचि ऋषि की अस्थियों से बङ्का बनाए, तो उससे वृत्रासुर का नाश हो सकता है। दधीचि ऋषि अति दयालु एवं सबकी सहायता करने वाले थे। इंद्रदेव दधीचि ऋषि के पास गए, और इंद्रदेव ने कहा, मैं आपके पास याचक बनकर आया हूं। दैत्य वृत्रासुर का नाश करनेके लिए एक बङ्का बनाना है। इसके लिए आपकी अस्थियां चाहिए। क्षणभर भी विचार न करते हुए दधीचि ऋषि ने कहा, ‘‘मैं प्राणत्याग कर अपनी देह ही आपको अर्पित करता हूं। फिर आप देह का जो चाहें कर सकते हैं। दधीचि ऋषि ने योगबल से प्राणत्याग किया। फिर उनकी देह की अस्थियों से षट्कोनी बङ्का बनाकर इंद्रदेव को दिया गया। तदुपरांत बङ्का को अभिमंत्रित कर उसका उपयोग करने पर, वृत्रासुरका नाश संभव हुआ।

Friday, February 27, 2015

जोबनेर ज्‍वाला माता।

जोबनेर ज्‍वाला माता।
ऐतिहासिक परिचयः-
सुन्‍दर शैल शिखर पर राजे, मन्दिर ज्‍वाला माता का।
अनुदिन ही यात्रीगण आते, करने दर्शन माता का।।
इसी भवानी के पद तल में, नगर बसा एक अनुपम सा।
जोबनेर विख्‍यात नाम से, पद्रेश में सुन्‍दरतम् सा।।


उतुंग शिखरों से युक्‍त हरे-भरे त्रिकोणाकार पर्वत की गोद में स्थित ‘जोबनेर’ चन्‍द्रवंश मुकुटमणि महाराज ययाति द्वारा अपने पुत्र पुरू के यौवनदान की स्‍मृति में ‘यौवनेर’ के नाम से बसाया था, जो अपभ्रंश होकर जोबनेर के नाम से पुकारे जाने लगा। महाराज ने अपनी दोनों रानियों- देवयानी व शर्मिष्‍ठा की स्‍मृति में दो तीर्थ सरोवरों का निर्माण कराया था जो सांभर के सन्निकट अब तक विद्यमान हैं।

जयपुर से 50 किलोमीटर की दूरी पर बसा जोबनेर ज्‍वाला माता के मन्दिर के कारण प्राचीन काल से ही दूर-दूर तक प्रसिद्ध रहा है। पहाड़ की हरिताभा के बीच चांदी सा चमकता हुआ यह मन्दिर दूर से ही दर्शक का मन मोह लेती है।

दक्ष-यज्ञ विध्‍वंस होने के बाद सती की मृत देह के गलित अंग-प्रत्‍यंग जिस-जिस स्‍थान पर गिरे, वे स्‍थान कामनाप्रद सिद्धपीठ हो गये। सती का जानु (घुटना) यहां गिरने से यह स्‍थल कामनाप्रद सिद्धपीठ के रूप में पूज्‍य है।

ज्‍वाला माता के विग्रह की यह विशिष्‍टता है कि यह किसी के द्वारा प्रतिष्‍ठापित नहीं बल्कि प्रस्‍तर काल में गुफा से स्‍वत: उद्भूत देवी प्रतिमा का जानु भाग मात्र है। देवी को अपना अंश यहां प्रकट करना अभिष्‍ट था।

देवी प्रतिमा के जानु मात्र ही प्रकट होने के सम्‍बन्‍ध में एक किंवदन्‍ती इस प्रकार से प्रचलित है कि प्राचीन काल में एक ग्‍वाला इस पर्वत पर भेड़-बकरियां चरा रहा था। ज्‍वाला माता ने वृद्धा का रूप धारण कर उससे कहा कि- ‘‘इस पर्वत में से अभी देवी प्रकट होगी। भीष्‍ण गर्जना के साथ पर्वत तक हिलने लगेगा। तुम भयभीत हो जाओगे अत: तुरन्‍त यहां से भाग जाओ।’’ किन्‍तु ग्‍वाला माता के शान्‍त रूप से डरा नहीं और वहीं डटा रहा। इतने में श्‍वेतावस्‍त्रा शान्‍त मातृ रूप अदृश्‍य हो गया और गम्‍भीर गर्जना के से दसों दिशाओं को निनादित करता हुआ, पर्वत वक्ष वीदीर्ण कर सिंहवाहिनी देवी को तेजोमय स्‍वरूप प्रकट हुआ। प्रतिमा के वाम चरण जानु (घुटना) भाग ही बाहर आ पाया था कि उक्‍त ग्‍वाला के प्राण पखेरू उड़ने को उद्यत हो गए। प्रकट होने की शुभ बेला में मृत्‍यु की अशुभ घड़ी के निवारणार्थ देवी ने अपना प्रकट होना रोक लिया एवं प्रकट अंश को स्थिर कर ज्‍योतिर्मय स्‍वरूप विलीन हो गया। पर्वत के गर्भद्वार से सटे जानु भाग को मुखाकृति से सुसज्जित कर भक्‍तगण कृतार्थ हो गए।

Thursday, February 26, 2015

भस्मासुर।


भस्मासुर।
ब्रह्मा, विष्णु और महादेव-ये तीनों शाप और वरदान देनें में समर्थ हैं, परन्तु इनमें महादेव और ब्रह्मा शीघ्र ही प्रसन्न या रुष्ट होकर वरदान अथवा शाप दे देते हैं, परन्तु विष्णु भगवान वैसे नहीं हैं। इस विषय में एक प्राचीन घटना है। शंकरजी एक बार वृकासुर को वर देकर संकट में पड़ गए थे। वृकासुर शकुनि का पुत्र था। उसकी बुद्धि बहुत बिगड़ी हुई थी। एक दिन कहीं जाते समय उसने देवर्षि नारद को देख लिया और उनसे पूछा कि तीनों देवताओं में झटपट प्रसन्न होने वाला कौन है? देवर्षि नारद ने कहा-तुम भगवान शंकर की आराधना करो। नारद ने वृकासुर को जल्दी प्रसन्न हो जाने वाले शिव के बारे में बता दिया। शिव भोलेनाथ हैं उन्हें कोई भी प्रसन्न कर सकता है। शिव ऐसे देवता हैं जो थोड़े से प्रयास से खुश होकर मुंह मांगा वरदान दे देते हैं। अधिकांश असुर शिव के ही कृपा पात्र थे। विष्णु मायापति हैं, इसलिए उन्हें प्रसन्न करना मुश्किल है। लेकिन शिव सहज हैं। उनके पास कोई माया नहीं है। वे बस ऐसे ही प्रसन्न हो सकते हैं। उतने ही सहजता में वे क्रोधित भी हो जाते हैं। विष्णु न तो जल्दी क्रोधित होते हैं और न हीं प्रसन्न।

नारदजी के उपदेश पाकर वृकासुर केदार क्षेत्र में गया और अग्नि को भगवान शंकर का मुख मानकर अपने शरीर का मांस काट-काटकर उसमें हवन करने लगा।

भगवान शंकर ने प्रकट होकर वृकासुर से कहा-प्यारे वृकासुर! बस करो, बस करो! बहुत हो गया। मैं तुम्हें वर देना चाहता हूं। तुम मुंह मांगा वर मांग लो। अरे भाई मैं तो अपने शरणागत भक्तों पर केवल जल चढ़ाने से ही सन्तुष्ट हो जाया करता हूं। वृकासुर ने वर मांगा कि मैं जिसके सिर पर हाथ रख दूं, वही मर जाए। उसकी यह याचना सुनकर भगवान रुद्र पहले तो कुछ अनमने से हो गए फिर हंसकर कह दिया-अच्छा ऐसा ही हो।

शिव ने भोलेपन में, अपने सहज स्वभाव से ही उसे मनचाहा वरदान दे दिया। वे इतने सीधे देवता हैं कि एक बार अपनी शरण में आए भक्त का विरोधी हो जाने पर भी बुरा नहीं करते। वृकासुर के मन में पाप था, वह व्याभिचारी भी था सो वरदान पाते ही उसके मन में पाप जाग गया।

भगवान शंकर के इस प्रकार कह देने पर वृकासुर के मन में यह लालसा हो आई कि मैं पार्वतीजी को ही हर लूं। वह असुर शंकरजी के वर की परीक्षा के लिए उन्हीं के सिर पर हाथ रखने का प्रयास करने लगा। अब तो शंकरजी जी अपने दिए हुए वरदान से ही भयभीत हो गए। वह उनका पीछा करने लगा और वे उससे डरकर भागने लगे। वे पृथ्वी, स्वर्ग और दिशाओं के अंत तक दौड़ते गए, परन्तु फिर भी उसे पीछा करते देखकर उत्तर की ओर बढ़े।

कई लोग यह सवाल उठाते हैं कि भगवान शिव ने सर्वसमर्थ होते हुए भी वृकासुर को मारा क्यों नहीं, वे उससे भाग क्यों रहे हैं।

इसका जवाब है कि शिव ने वृकासुर को अपना शरणागत मान लिया था, वृकासुर भले ही अपने धर्म से हट गया, जिससे वरदान लिया उसी को मारने चला था लेकिन शिव अपना धर्म कैसे छोड़ सकते थे। शरणागत को अभयदान के बाद मारना उन्हें अपने धर्म के विरूद्ध लगा सो लोकोपवाद का डर किए बगैर वे वृकासुर से डरकर भाग रहे हैं। शिव को मारना तो असंभव है क्योंकि वे स्वयं ही काल के अधिपति महाकाल हैं लेकिन उनको मारने के प्रयास में वृकासुर स्वयं ही मर जाता, जिससे शिव के धर्म का विलोप हो सकता था। शरणागत को मारने से उन्हें लोकोपवाद सहन करना पड़ता। सो शिव वृकासुर से भाग रहे हैं। इससे उनकी भी रक्षा हो रही है और धर्म की भी।

भगवान शिव की जान बचाने के लिये भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धर के भस्मासुर को खुद के ही सिर पर हाथ रखने को मजबूर कर, उसी को मिले वरदान से नेस्तनाबुद कर दिया।
इसी वरदान से वृकासुर का नाम भस्मासुर पढा ।

Wednesday, February 25, 2015

महात्मा बुद्ध।

महात्मा बुद्ध।
बौद्ध धर्म के प्रवर्तक महात्मा बुद्ध का जन्म 563 ईसापूर्व में नेपाल की तराई में लुम्बिनी में हुआ था। इनके बचपन का नाम सिद्धार्थ था। अपने शुरुआती दिनों में रोगी, बूढा और मृत शरीर को देखकर उन्हें वितृष्णा हुई। राजपरिवार में जन्म लेकर भी उन्होंने जीवन की सारी सुविधाआँ का त्याग कर सच्चे ज्ञान की प्राप्ति हेतु बोधगया में कठोर तप किया और बुद्ध कहलाए। उनके समकालीन शक्तिशाली मगध साम्राज्य के शासकबिम्बिसार तथा अजातशत्रु ने बुद्ध के संघ का अनुसरण किया। बाद में सम्राट अशोक ने बौद्ध धर्म को श्रीलंका, जापान, तिब्बत तथा चीन तक फैलाया। ज्ञान प्राप्ति पश्चात भगवान बुद्ध ने राजगीर, वैशाली, लौरिया तथासारनाथ में अपना जीवन बिताया। उन्होने सारनाथ में अंतिम उपदेश देकर अपना शरीर त्याग दिया। आज बौद्ध धर्म दुनिया का चौथा सबसे बड़ा धर्म है।

Tuesday, February 24, 2015

भगवान परशुराम।

भगवान परशुराम।
भगवान परशुराम त्रेता युग (रामायण काल) के एक मुनि थे। उन्हें भगवान विष्णु का छठा अवतार भी कहा जाता है। पौरोणिक वृत्तान्तों के अनुसार उनका जन्म भृगुश्रेष्ठ महर्षि जमदग्नि द्वारा सम्पन्न पुत्रेष्टि यज्ञ से प्रसन्न देवराज इन्द्र के वरदान स्वरूप पत्नी रेणुका के गर्भ से वैशाख शुक्ल तृतीया को हुआ था। वे भगवान विष्णु के आवेशावतार थे। पितामह भृगु द्वारा सम्पन्न नामकरण संस्कार के अनन्तर राम, जमदग्नि का पुत्र होने के कारण जामदग्न्य और शिवजी द्वारा प्रदत्त परशु धारण किये रहने के कारण वे परशुराम कहलाये। आरम्भिक शिक्षा महर्षि विश्वामित्र एवं ऋचीक के आश्रम में प्राप्त होने के साथ ही महर्षि ऋचीक से सारंग नामक दिव्य वैष्णव धनुष और ब्रह्मर्षि कश्यप से विधिवत अविनाशी वैष्णव मन्त्र प्राप्त हुआ। तदनन्तर कैलाश गिरिश्रृंग पर स्थित भगवान शंकर के आश्रम में विद्या प्राप्त कर विशिष्ट दिव्यास्त्र विद्युदभि नामक परशु प्राप्त किया। शिवजी से उन्हें श्रीकृष्ण का त्रैलोक्य विजय कवच, स्तवराज स्तोत्र एवं मन्त्र कल्पतरु भी प्राप्त हुए। चक्रतीर्थ में किये कठिन तप से प्रसन्न हो भगवान विष्णु ने उन्हें त्रेता में रामावतार होने पर तेजोहरण के उपरान्त कल्पान्त पर्यन्त तपस्यारत भूलोक पर रहने का वर दिया।

वे शस्त्रविद्या के महान गुरु थे। उन्होंने भीष्म, द्रोण व कर्ण को शस्त्रविद्या प्रदान की थी। उन्होंने एकादश छन्दयुक्त "शिव पंचत्वारिंशनाम स्तोत्र" भी लिखा। इच्छित फल-प्रदाता परशुराम गायत्री है-"ॐ जामदग्न्याय विद्महे महावीराय धीमहि, तन्नोपरशुराम: प्रचोदयात्।" वे पुरुषों के लिये आजीवन एक पत्नीव्रत के पक्षधर थे। उन्होंने अत्रि की पत्नी अनसूया, अगस्त्य की पत्नी लोपामुद्रा व अपने प्रिय शिष्य अकृतवण के सहयोग से विराट नारी-जागृति-अभियान का संचालन भी किया था। अवशेष कार्यो में कल्कि अवतार होने पर उनका गुरुपद ग्रहण कर उन्हें शस्त्रविद्या प्रदान करना भी बताया गया है।

Monday, February 23, 2015

श्रीकृष्ण स्‍तुति।



श्रीकृष्ण स्‍तुति।
भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के अनेक रूपों ने कृष्ण भक्ति की धारा को हर दिल में बहाया। जहां मीरा नृत्य और गायन से कृष्ण भक्ति में समा गईं, वहीं चैतन्य महाप्रभु ने नाच और रुदन से कृष्ण भक्ति का रस बहाया।
इसी कड़ी में श्रीकृष्ण के परम भक्त श्री वल्लभाचार्य, भगवान कृष्ण के आनंदस्वरूप की भक्ति में ऐसे डूबे कि उन्होंने भगवान के सुंदर स्वरूप को बताने के लिए 'मधुराष्टकं' रच दिया। इसमें श्रीकृष्ण के सौंदर्य को ऐसा उतारा कि आज भी जब कोई भक्त या भक्त समूह इसको गाता है, तब मन-मस्तिष्क के साथ पूरा वातावरण आनंद रस में डूब जाता है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर 'मधुराष्टकं' का गान उत्सव के आनंद को बढ़ाता है, साथ ही जीवन के सभी तनावों को दूर कर सुख और आनंद देता है। जब दिल और दिमाग सकारात्मक ऊर्जा से भरा हो तो यह तय है कि कोई भी इंसान किस्मत को संवार सकता है।
ऐसी चाहत पूरी करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के सुंदर रूप का स्मरण करें –

मधुराष्टकंअधरम मधुरम वदनम मधुरमनयनम मधुरम हसितम मधुरम।
हरदयम मधुरम गमनम मधुरममधुराधिपतेर अखिलम मधुरम॥1॥

वचनं मधुरं, चरितं मधुरं, वसनं मधुरं, वलितं मधुरम् ।
चलितं मधुरं, भ्रमितं मधुरं, मधुराधिपतेरखिलं मधुरम् ॥2॥

वेणुर्मधुरो रेणुर्मधुरः, पाणिर्मधुरः, पादौ मधुरौ ।
नृत्यं मधुरं, सख्यं मधुरं, मधुराधिपतेरखिलं मधुरम् ॥3॥

गीतं मधुरं, पीतं मधुरं, भुक्तं मधुरं, सुप्तं मधुरम् ।
रूपं मधुरं, तिलकं मधुरं, मधुरधिपतेरखिलं मधुरम् ॥4॥

करणं मधुरं, तरणं मधुरं, हरणं मधुरं, रमणं मधुरम् ।
वमितं मधुरं, शमितं मधुरं, मधुरधिपतेरखिलं मधुरम् ॥5॥

गुञ्जा मधुरा, माला मधुरा, यमुना मधुरा, वीची मधुरा ।
सलिलं मधुरं, कमलं मधुरं, मधुरधिपतेरखिलं मधुरम् ॥6॥

गोपी मधुरा, लीला मधुरा, युक्तं मधुरं, मुक्तं मधुरम् ।
दृष्टं मधुरं, शिष्टं मधुरं, मधुरधिपतेरखिलं मधुरम् ॥7॥

गोपा मधुरा, गावो मधुरा, यष्टिर्मधुरा, सृष्टिर्मधुरा।
दलितं मधुरं, फलितं मधुरं, मधुरधिपतेरखिलं मधुरम् ॥8॥॥

इति श्रीमद्वल्लभाचार्यविरचितं मधुराष्टकं सम्पूर्णम् ॥

Sunday, February 22, 2015

ऋषभदेव।



ऋषभदेव।
ऋषभदेव प्राचीन भारत के एक सम्राट थे जो कि जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर हैं। इनके पुत्र भरत के नाम पर ही भारत का नाम भारतवर्ष पड़ा।

जीवन चरित्र—
• जन्म -चैत्र कृष्ण ९
• जन्म स्थान - अयोध्या
• माता- महारानी मरूदेवी
• पिता-महाराज नाभिराय
• निर्वाण - माघ कृष्ण १४
• निर्वाण स्थल - श्री कैलाश पर्वत्
• निशान - वृषभ या बैल

ऋषभदेव जी को भगवान आदिनाथ के नाम से भी जाना जाता है। भगवान ऋषभदेव जी की विश्व की सबसे बडी प्रतिमा बडवानी (मध्यप्रदेश) (भारत) के पास बावनगजा मे है। यह ८४ फीट की है।

जैन ग्रन्थों में वर्णन—
जैन पुराणों के अनुसार अन्तिम कुलकर राजा नाभिराय के पुत्र ऋषभदेव हुये जो कि महान प्रतापी सम्राट और जैन धर्म के प्रथम तीथर्कंर हुए। ऋषभदेव के अन्य नाम ऋषभनाथ, आदिनाथ, वृषभनाथ भी है। भगवान ऋषभदेव का विवाह यशस्वती (नन्दा) और सुनन्दा से हुआ। इससे इनके सौ पुत्र उत्पन्न हुये। उनमें भरत सबसे बड़े एवं प्रथमचक्रवर्ती सम्राट हुए जिनके नाम पर इस देश का नाम भारत पडा। दुसरे पुत्र बाहुबली भी एक महान राजा एवं कामदेव पद से बिभूषित थे। इनके आलावा ऋषभदेव के वृषभसेन, अनन्तविजय, अनन्तवीर्य, अच्युत, वीर, वरवीर आदि ९९ पुत्र तथा ब्राम्ही और सुन्दरी नामक दो पुत्रियां भी हुई, जिनको ऋषभदेव ने सर्वप्रथम युग के आरम्भ में क्रमश: लिपिविद्या [अक्षरविद्या]और अंकविद्या का ज्ञान दिया।

हिन्दु ग्रन्थों में वर्णन—
वैदिक धर्म में भी ॠषभदेव का संस्तवन किया गया है। भागवत में अर्हन् राजा के रूप में इनका विस्तृत वर्णन है। इसमें भरत आदि 100 पुत्रों का कथन जैन धर्म की तरह ही किया गया है। अन्त में वे दिगम्बर (नग्न) साधु होकर सारे भारत में विहार करने का भी उल्लेख किया गया है। ॠग्वेद आदि प्राचीन वैदिक साहित्य में भी इनका आदर के साथ संस्तवन किया गया है।

हिन्दूपुराण श्रीमद्भागवत के पाँचवें स्कन्ध के अनुसार मनु के पुत्र प्रियव्रत के पुत्र आग्नीध्र हुये जिनके पुत्र राजा नाभि (जैन धर्म में नाभिराय नाम से उल्लिखित) थे। राजा नाभि के पुत्र ऋषभदेव हुये जो कि महान प्रतापी सम्राट हुये। भागवतपुराण अनुसार भगवान ऋषभदेव का विवाह इन्द्र की पुत्री जयन्ती से हुआ। इससे इनके सौ पुत्र उत्पन्न हुये। उनमें भरत सबसे बड़े एवं गुणवान थे। उनसे छोटे कुशावर्त, इलावर्त, ब्रह्मावर्त, मलय, केतु, भद्रसेन, इन्द्रस्पृक, विदर्भ और कीकट ये नौ राजकुमार शेष नब्बे भाइयों से बड़े एवं श्रेष्ठ थे। उनसे छोटे कवि, हरि, अन्तरिक्ष, प्रबुद्ध, पिप्पलायन, आविर्होत्र, द्रुमिल, चमस और करभाजन ये नौ पुत्र राजकुमार भागवत धर्म का प्रचार करने वाले बड़े भगवद्भक्त थे। इनसे छोटे इक्यासी पुत्र पिता की की आज्ञा का पालन करते हुये पुण्यकर्मों का अनुष्ठान करने से शुद्ध होकर ब्राह्मण हो गये।

विष्णु पुराण के अनुसार इनके पुत्र भरत के नाम पर ही भारत का नाम भारतवर्ष पड़ा:
ऋषभो मरुदेव्याश्च ऋषभात भरतो भवेत्, भरताद भारतं वर्षं, भरतात सुमतिस्त्वभूत्।
— विष्णु पुराण (2, 1, 31)
ऋषभ मरुदेवी को पैदा हुए थे, भरत ऋषभ को पैदा हुए थे, भारतवर्ष भरत से उगा और सुमति भरत से उगी।
ततश्च भारतं वर्षमेतल्लोकेषुगीयते, भरताय यत: पित्रा दत्तं प्रतिष्ठिता वनम।
- विष्णु पुराण (2, 1, 32)
यह भूमि तब से भारतवर्ष के रूप में जानी जाती है, जब से पिता अपने पुत्र भरत को राज्य सौंप कर तपस्या के लिए जंगल में गए।

Saturday, February 21, 2015

शाप मुक्ति।

शाप मुक्ति।
त्रेता युग के दौरान भगवान श्रीराम ने अश्वमेघ यज्ञ के लिए भगवान रघुनाथ की इस मूर्ति को अपने हाथों से बनाया था। यज्ञ पूरा होने पर इसे श्रीराम ने अपने राज्य में ही स्‍थापित किया था। मगर कुल्‍लवी राजा अपने पाप धोने के लिए इसे हिमाचल ले आया था।

ये कहानी राजा जगत सिंह से जुड़ी है जिसने अपने अहंकार में एक बड़ा पाप कर दिया था। इसके बदले उसे ऐसा खौफनाक शाप मिला था कि उसका जीना मुश्किल हो गया था।

कहा जाता है कि 17वीं शताब्दी में कुल्‍लू में राजा जगत सिंह का राज था। एक दिन उसे सूचना मिली कि गांव के एक पंडित दुर्गादत्त को घाटी में काम करते वक्त कुछ हीरे मोती मिले हैं। राजा उसे पाना चाहता था। अहंकार में आकर उसने इन्हें पाने की ठान ली।

राजा ने सैनिकों को आदेश दिए कि दुर्गादत्त से सारे मोती छीनकर खजाने में जमा किए जाएं। सैनिक भी चले गए और दुर्गादत्त को खूब मारा पीटा लेकिन हीरे मोती नहीं मिले। उसे आए दिन सबके सामने सजा दी जाने लगी।

ऐसा माना जाता है कि शायद दुर्गादत्त के पास ज्ञान के अलावा और कुछ नहीं था। जब राजा का जुल्म हद से बढ़ गया तो दुर्गादत्त ने खुद को परिवार सहित अपने घर में बंद कर लिया। इसके बाद उसने घर को आग लगा दी और खुद भी परिवार सहित जल गया।

मरने से पहले दुर्गादत्त ने राजा को शाप दिया था कि जब भी राजा चावल खाएगा तो उसे चावल के दानों की जगह कीड़े दिखाई देंगे। वहीं पीने का पानी खून बन जाएगा। बाद में शाप का असर दिखने लगा और राजा का खाना पीना मुश्किल हो गया।

राजा बहुत दुखी हुआ। उसका अहंकार टूट चुका था। शाप के डर से वह एक संत के पास गया जहां संत ने कहा कि उसे अपने राज्य में भगवान रघुनाथ का मंदिर बनवाना होगा। इसके लिए अयोध्या से मूर्ति लानी होगी।

राजा ने ऐसा ही किया और अयोध्या से श्रीराम की बनाई भगवान रघुनाथ की मूर्ति लाकर कुल्‍लू में भव्य मंदिर बनवा दिया। इसके बाद घाटी में समृद्घि लौटने लगी। राजा ने अपना राज्य भगवान रघुनाथ को सौंप दिया।

इसी के बाद ऐतिहासिक दशहरा मनाया जाने लगा। घाटी में भगवान रघुनाथ सबसे बड़े देवता हैं और हजारों देवता उनके आगे शीश झुकाते हैं।

कहते हैं भगवान रघुनाथ सबसे अमीर देवताओं में से एक है। घाटी के लोग आज भी प्राकृतिक आपदा के समय अपने ईष्ट देव की पूजा अर्चना करते हैं। देवता उनकी सारी मन्नतें पूरी भी करते हैं।

Friday, February 20, 2015

श्री बांके बिहारी मंदिर।


श्री बांके बिहारी मंदिर
बांके बिहारी मंदिर भारत में मथुरा जिले के वृंदावन धाम में रमण रेती पर स्थित है। यह भारत के प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। बांके बिहारी कृष्णका ही एक रूप है जो इसमें प्रदर्शित किया गया है। इसका निर्माण १८६४ में स्वामी हरिदास ने करवाया था।

श्रीधाम वृन्दावन, यह एक ऐसी पावन भूमि है, जिस भूमि पर आने मात्र से ही सभी पापों का नाश हो जाता है। ऐसा आख़िर कौन व्यक्ति होगा जो इस पवित्र भूमि पर आना नहीं चाहेगा तथा श्री बाँकेबिहारी जी के दर्शन कर अपने को कृतार्थ करना नही चाहेगा। यह मन्दिर श्री वृन्दावन धाम के एक सुन्दर इलाके में स्थित है। कहा जाता है कि इस मन्दिर का निर्माण स्वामी श्री हरिदास जी के वंशजो के सामूहिक प्रयास से संवत १९२१ के लगभग किया गया।


मन्दिर निर्माण के शुरूआत में किसी दान-दाता का धन इसमें नहीं लगाया गया। श्रीहरिदास स्वामी विषय उदासीन वैष्णव थे। उनके भजनकीर्तन से प्रसन्न हो निधिवन से श्री बाँकेबिहारीजी प्रकट हुये थे। स्वामी हरिदास जी का जन्म संवत 1536 में भाद्रपद महिने के शुक्ल पक्ष में अष्टमी के दिन वृन्दावन के निकट राजापुर नामक गाँव में हूआ था। इनके आराध्यदेव श्यामसलोनी सूरत बाले श्रीबाँकेबिहारी जी थे। इनके पिता का नाम गंगाधर एवं माता का नाम श्रीमती चित्रा देवी था। हरिदास जी, स्वामी आशुधीर देव जी के शिष्य थे। इन्हें देखते ही आशुधीर देवजी जान गये थे कि ये सखी ललिताजी के अवतार हैं तथा राधाष्टमी के दिन भक्ति प्रदायनी श्री राधा जी के मंगलमहोत्सव का दर्शन लाभ हेतु ही यहाँ पधारे है। हरिदासजी को रसनिधि सखी का अवतार माना गया है। ये बचपन से ही संसार से ऊबे रहते थे। किशोरावस्था में इन्होंने आशुधीर जी से युगल मन्त्र दीक्षा ली तथा यमुना समीप निकुंज में एकान्त स्थान पर जाकर ध्यान-मग्न रहने लगे। जब ये 25 वर्ष के हुए तब इन्होंने अपने गुरु जी से विरक्तावेष प्राप्त किया एवं संसार से दूर होकर निकुंज बिहारी जी के नित्य लीलाओं का चिन्तन करने में रह गये। निकुंज वन में ही स्वामी हरिदासजी को बिहारीजी की मूर्ति निकालने का स्वप्नादेश हुआ था। तब उनकी आज्ञानुसार मनोहर श्यामवर्ण छवि वाले श्रीविग्रह को धरा को गोद से बाहर निकाला गया। यही सुन्दर मूर्ति जग में श्रीबाँकेबिहारी जी के नाम से विख्यात हुई यह मूर्ति मार्गशीर्ष, शुक्ला के पंचमी तिथि को निकाला गया था। अतः प्राकट्य तिथि को हम विहार पंचमी के रूप में बड़े ही उल्लास के साथ मानते है।

Thursday, February 19, 2015

छत्रपति शिवाजी महाराज।



शिवाजी महाराज।
शाहजी भोंसले की पत्नी जीजाबाई (राजमाता जिजाऊ) की कोख से शिवाजी महाराज का जन्म १९ फ़रवरी १६३० को शिवनेरी दुर्ग में हुआ था। शिवनेरी का दुर्गपूना (पुणे) से उत्तर की तरफ़ जुन्नार नगर के पास था।

उनका बचपन उनकी माता जिजाऊ के मार्गदर्शन में बीता। वह सभी कलाओ मे माहिर थे, उन्होंने बचपन में राजनीति एवं युद्ध की शिक्षा ली थी। ये भोंसले उपजाति के थे जोकि मूलत: कुर्मी जाति से संबद्धित हे | कुर्मी जाति कृषि संबद्धित कार्य करती हे।

उनके पिता अप्रतिम शूरवीर थे और उनकी दूसरी पत्नी तुकाबाई मोहिते थीं। उनकी माता जी जीजाबाई जाधव कुल में उत्पन्न असाधारण प्रतिभाशाली थी और उनके पिता एक शक्तिशाली सामन्त थे।

शिवाजी महाराज के चरित्र पर माता-पिता का बहुत प्रभाव पड़ा। बचपन से ही वे उस युग के वातावरण और घटनाओँ को भली प्रकार समझने लगे थे। शासक वर्ग की करतूतों पर वे झल्लाते थे और बेचैन हो जाते थे। उनके बाल-हृदय में स्वाधीनता की लौ प्रज्ज्वलित हो गयी थी। उन्होंने कुछ स्वामिभक्त साथियों का संगठन किया। अवस्था बढ़ने के साथ विदेशी शासन की बेड़ियाँ तोड़ फेंकने का उनका संकल्प प्रबलतर होता गया।

छत्रपति शिवाजी महाराज का विवाह सन् १४ मइ १६४० में सइबाई निम्बालकर के साथ लाल महल, पुना में हुआ था।

तारक मंत्र।

तारक मंत्र 
'श्री राम जय राम जय जय राम' - यह सात शब्दों वाला तारक मंत्र है। साधारण से दिखने वाले इस मंत्र में जो शक्ति छिपी हुई है, वह अनुभव का विषय है। इसे कोई भी, कहीं भी,  कभी भी कर सकता है। फल बराबर मिलता है।

हमारा सबसे बड़ा दुर्भाग्य आज यही है कि हम राम नाम का सहारा नहीं ले रहे हैं। हमने जितना भी अधिक राम नाम को खोया है, हमारे जीवन में उतनी ही विषमता बढ़ी है, उतना ही अधिक संत्रास हमें मिला है। एक सार्थक नाम के रुप में हमारे ऋषि-मुनियों ने राम नाम को पहचाना है। उन्होंने इस पूज्य नाम की परख की और नामों के आगे लगाने का चलन प्रारंभ किया। 

प्रत्येक हिन्दू परिवार में देखा जा सकता है कि बच्चे के जन्म में राम के नाम का सोहर होता है। वैवाहिक आदि सुअवसरों पर राम के गीत गाए जाते हैं। राम नाम को जीवन का महामंत्र माना गया है।
राम सर्वमय व सर्वमुक्त हैं। राम सबकी चेतना का सजीव नाम हैं।
अस समर्थ रघुनायकहिं,  भजत जीव ते धन्य॥

प्रत्येक राम भक्त के लिए राम उसके हृदय में वास कर सुख सौभाग्य और सांत्वना देने वाले हैं।
तुलसीदास जी ने रामचरितमानस में लिख दिया है कि प्रभु के जितने भी नाम प्रचलित हैं, उन सब में सर्वाधिक श्री फल देने वाला नाम राम का ही है।

यह नाम सबसे सरल, सुरक्षित तथा निश्चित रुप से लक्ष्य की प्राप्ति करवाने वाला है। मंत्र जप के लिए आयु, स्थान, परिस्थिति, काल, जात-पात आदि किसी भी बाहरी आडम्बर का बंधन नहीं है। किसी क्षण, किसी भी स्थान पर इसे जप सकते हैं।

जब मन सहज रूप में लगे, तब ही मंत्र जप कर लें। तारक मंत्र 'श्री' से प्रारंभ होता है। 'श्री' को सीता अथवा शक्ति का प्रतीक माना गया है। राम शब्द 'रा' अर्थात् र-कार और '' मकार से मिल कर बना है। 'रा' अग्नि स्वरुप है। यह हमारे दुष्कर्मों का दाह करता है। '' जल तत्व का द्योतक है। जल आत्मा की जीवात्मा पर विजय का कारक है। 

तुलसीदास जी ने रामचरितमानस में लिख दिया है कि प्रभु के जितने भी नाम प्रचलित हैं, उन सब में सर्वाधिक श्री फल देने वाला नाम राम का ही है। 

Wednesday, February 18, 2015

मण्ढ़ा भीमसिंह।

मण्ढ़ा भीमसिंह।
ऐतिहासिक पृष्टभूमि:- कुछ समय पूर्व जयपुर के शासक महाराज माधोसिंह के शासनकाल के दौरान जयपुर प्रशासन जागीरों में बंटा हुआ था। मण्ढ़ा  भी जयपुर की जागीर के अन्तर्गत था। इनके अन्तर्गत 12 गाँवो का शासन आता था। जयपुर के महाराजा माधोसिंह के काल में मण्ढ़ा’  के जागीरदार ठाकुर भीमसिंह हुआ करते थे। जिनके भाई का नाम लक्ष्मण सिंह था वह राज काज के कार्य संभाला करते थे। जबकि अधिकतर समय ठाकुर भीमसिंह जी खा पीकर मस्त रहा करते थे। उस समय महाराजा माधोसिंह ने मण्ढ़ा भीमसिंह को दूदू के नीचे दे दिया था इस बात से नाराज होकर भीमसिंह ने दूदू,  पचेवर और अन्त में जाकर साली ग्राम से गणगौर को लूट लिया।

इस बात पर इस ग्राम में एक कहावत प्रसिद्ध हो गई वह कहावत इस प्रकार है-
दूदू लूटी,  पचेवर लूटी,  जा लूटी साली।
साली बापड़ी कांई कर बना रांगड़ा चाली।।
इस तरह गाँवों को लूटने की बात महाराजा माधोसिंह ने सुनी तो उन्होने भीमसिंह को जयपुर दरबार में उपस्थित होने के लिए बुलाया। जब ठाकुर भीमसिंह जी जयपुर पंहुचे तो दरबार खत्म हो चुका था। तो उन्होने दरबार से कहकर महाराजा माधोसिंह जी से मिलने की इच्छा जाहिर की तो दरबार ने उन्हें मना कर दिया तो भीमसिंह ने अपने घोड़े को ऐड़ लगाकर दौड़ाया और चांदपोल गेट को लांघ दिया। गेट को लांघने के बाद घोड़ा मर गया और ठाकुर भीमसिंह सिधे महाराजा माधोंसिह के पास चले गये तो उन्होनें कहा की आपको द्वारपालों ने रोका नहीं की,  तो उन्होनें कहा की मैं चांदपोल गेट को लांघ कर आया हूँ। इस बात से प्रसन्न होकर महाराजा माधोसिंह ने भीमसिंह को जयपुर में एक गढ़ दिया जो मण्ढ़ा हाऊसके नाम से प्रसिद्ध हुआ इसके अलावा मण्ढ़ा को अपनी अलग ही जागीर प्रदान कर उन्हे 12 गाँवों की जागीरदारी संभाला दी। अतः उस समय से ही मण्ढ़ा गाँव को मण्ढ़ा भीमसिंह के नाम से जाना जाता है। आज भी ठाकुर भीमसिंह की पीढियाँ जागीरदारों के नाम से जानी जाती है।

(दुर्ग व किला)-
(अ) गढ़ - प्राचीन काल में यहां गढ़ पर जागीरदारों के नाम से शासन किया जाता था। गाँव के जागीरदार यहां निवास करते थे। यहां इमारत तीन मंजिल ऊँची है। इसे गढ़के नाम से जाना जाता है। यह लगभग 5-7 बीघा जमीन पर बना हुआ है। इसके दो द्वार है। मुख्य द्वार पूर्व दिशा में खुलता है तथा दूसरा द्वार जो पीछे कि और खुलता है अर्थात् दूसरा द्वार उत्तर दिशा में खुलता है जो कि एक गुप्त द्वार है। पहले गढ़ के चारों और पानी भरा हुआ होता था। उपरी मंजिल पर महिलायें निवास करती है। महिलाओं द्वारा उत्सव देखने तथा बैठने के लिए झरोखे भी निर्मित किए हुए है। गढ़ के चारो बुर्ज (मोटी दीवारों का निर्माण) का निर्माण किया हुआ है जो इस इमारत को मजबूती प्रदान करती है। ये बुर्जे 10 फुट चोड़ी बनी हुई है। इसमें विभिन्न महल निर्मित है जैसे- दादीवाडा का महल (जिसमें प्राचीन समय में डर लगता था), रानीमहल ( जिसे छतरसाल के नाम से भी जाना जाता है। जिसमें विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तिया, चित्र आदि रखे हुए है ), जनाना खाना ( जिसमें महिलाये निवास करती है, इसमें पुरूषों का जाना वर्जित है), सूरजमहल (कहा जाता है यहां सूर्य की पहली किरण पड़ती है) आदि। इसमें 3 किमी की सुरंग है जो बाग में खुलती है। इसकी उपरी मंजिल पर खिड़किया है जिसमें गाँव के अन्तिम छोर देखे जा सकते है।

(ब) रघुनाथ मन्दिर - प्राचीन समय में यह गाँव के शासको का नीजी मन्दिर था। जिसमें देवी-देवताओं की सात धातु से बनी प्रतिमाएँ स्थापित है। यह 225 वर्गफुट में फैला हुआ है। इसके चारों किनारो पर छतरिया बनी हुई है। यह अति प्राचीन मन्दिर है बताया जाता है कि जिस दिन तुलसी दास जी का देहवासन हुआ था उस दिन इस मन्दिर की नींव लगाई गयी थी।

(स) बाग (दुर्ग का हिस्सा) - कहा जाता है कि यहां के जागीरदार केसरी सिंह जी ने वर्तमान गढ़ से दुगुना गढ़ बनाना चाहा था। परन्तु जब इसका चैथाई निर्माण हुआ तो इनकी पत्नि का देहान्त हो गया और निर्माण बीच में ही रोक दिया गया। यह लगभग 52 बीघा में फेला हुआ है। यहां घोड़ो की अच्छी किस्म रखी जाती थी,  अर्थात् यहां के घोड़े प्रसिद्ध थे। किद्वन्ती है कि उस समय यहां राजस्थान की सबसे अच्छी अस्तबल (घोड़ो के रहने का स्थान) का निर्माण कराया गया था। यहां पर गढ़ से एक गुप्त सुरंग भी आती है।

हिन्दू धर्म- यहां 80-90 प्रतिषत लोग हिन्दू धर्म के निवास करते है। इसलिए यहां हिन्दू देवी-देवताओं के मन्दिर अधिक देखने को मिलते है। लगभग 4-5 प्रतिषत लोग इस्लाम धर्म के है। जैन धर्म के लोग अपेक्षाकृत हिन्दू धर्म के लोगो से बहुत कम है। 4-5 प्रतिषत लोग यहां जैन धर्म के निवास करते है। इनके द्वारा भी यहां जैन मन्दिर का निर्माण करवाया गया। यहां कई भिक्षु-भिुक्षुणियां भी जैन पर्वो पर जैन आश्रालयों से आती है। विभिन्न धर्मो के लोग रहते हुए भी यहां आपसी भेदभाव नहीं पाया जाता है, सब लोग भाईचारे की भावना रखते है।

त्यौहार - यहां विभिन्न त्यौहारो को अत्यंत हर्षोल्लास से मनाया जाता है। यहां मुख्य त्योहारों में दीपावली,  होली,  गणगौर,  तीज,  मकर सक्रांति,  दशहरा,  ताजिया-मुहर्रम,  ईद,  महावीर जयन्ती आदि आते है। लोग बहुत उत्साह से त्यौहारों को मनाने की तैयारी करते है। और उनका पूर्ण आनन्द लेते है।

मेले - मण्ढ़ा भीमसिंह गाँव में कई मेले लगते है। जिनमें सबसे बड़ा दशहरे का मेला लगता है। चैत्र मास में हनुमान जयन्ती भाद्रपद माह में तेजाजी का मेला गणगौर का मेला भी लगता है। स्त्रिया ईश्‍वर और गणगौर की पूजा करती है। गणगौर का त्यौहार हर्षेल्लास से मनाया जाता है।

शिक्षा - शिक्षा के क्षैत्र में यह गाँव आस-पास के गाँवो से उन्नत है यहां विभिन्न विद्यालय तथा महाविद्यालय स्थापित है इसलिए इसे उभरती हुई शिक्षा नगरी कह सकते है। जो निम्न है-

विद्यालय-राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, आशादीप बाल मन्दिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, गीतांजली उच्च माध्यमिक विद्यालय, विवेकानन्द सीनियर सैकेण्डरी विद्यालय, गीतांजली इन्टरनेशनल एकेडमी, विवेकानन्द चिल्ड्रन एकेडमी, आशुतोष इन्टरनेषनल एकेडमी तथा वेल किड्स एकेडमी।

महाविद्यालय-आषुतोष महाविद्यालय और छत्रपति शिवाजी महाविद्यालय

चिकित्सा - अस्पताल गुलाब कल्याण मेमोरियल चिकित्सालय, आयुर्वेदिक चिकित्सालय और पशु चिकित्सालय।

बैंकिग- गाँव में यूको बैंक शाखा स्थापित है। इस शाखा की स्थापना 1979 ई. में हुई थी।

Tuesday, February 17, 2015

लिंगपूजन का महत्व।



लिंगपूजन का महत्व।
श्रीशिवमहापुराण के अनुसार- महेश्वर बोले पुत्रों! आज का दिन एक महान दिन है। इसमें तुम्हारे द्वारा जो आज मेरी पूजा हुई है, इससे मैं तुम लोगों पर बहुत प्रसन्न हँ।

जो शिवरात्रि को दिन-रात निराहार एवं जितेन्द्रिय रहकर अपनी शक्ति के अनुसार निश्चल भाव से मेरी यथोचित पूजा करेगा, उसको मिलने वाले फल का वर्णन सुनो। एक वर्ष तक निरन्तर मेरी पूजा करने पर जो फल मिलता है, वह सारा फल केवल शिवरात्रि को मेरा पूजन करने से मनुष्य तत्काल प्राप्त कर लेता है।

जैसे पूर्ण चन्द्रमा का उदय समुद्र की वृद्धि का अवसर है, उसी प्रकार यह शिवरात्रि तिथि मेरे धर्म की वृद्धि का समय है। इस तिथि में मेरी स्थापना आदि का मंगलमय उत्सव होना चाहिये।

पहले मैं जब ‘ज्योतिर्मय स्तम्भ रूप से प्रकट हुआ था, वह समय मार्गषीर्श में आर्द्रा नक्षत्र से युक्त पूर्णमासी या प्रतिपदा है। जो पुरूष मार्गषीर्श मास में आर्द्रा नक्षत्र होने पर पार्वती सहित मेरा दर्शन करता है अथवा मेरी मूत्ति या लिंग की ही झाँकी करता है, वह मेरे लिए कार्तिकेय से भी अधिक प्रिय है।

इस शुभ दिन को मेरे दर्शन मात्र से पूरा फल प्राप्त होता है। यदि दर्शन के साथ-साथ मेरा पूजन भी किया जाय तो इतना अधिक फल प्राप्त होता है कि उसका वाणीद्वारा वर्णन नहीं हो सकता।

Friday, February 06, 2015

जय माँ दुर्गा।





माँ दुर्गा।
दुर्गा पार्वती का दूसरा नाम है। हिन्दुओं के शाक्त साम्प्रदाय में भगवती दुर्गा को ही दुनिया की पराशक्ति और सर्वोच्च देवता माना जाता है (शाक्त साम्प्रदायईश्वर को देवी के रूप में मानता है)। वेदों में तो दुर्गा का कोई ज़िक्र नहीं है, मगर उपनिषद में देवी "उमा हैमवती" (उमा, हिमालय की पुत्री) का वर्णन है।पुराण में दुर्गा को आदिशक्ति माना गया है। दुर्गा असल में शिव की पत्नी पार्वती का एक रूप हैं, जिसकी उत्पत्ति राक्षसों का नाश करने के लिये देवताओं की प्रार्थना पर पार्वती ने लिया था -- इस तरह दुर्गा युद्ध की देवी हैं। देवी दुर्गा के स्वयं कई रूप हैं। मुख्य रूप उनका "गौरी" है, अर्थात शान्तमय, सुन्दर और गोरा रूप। उनका सबसे भयानक रूप काली है, अर्थात काला रूप। विभिन्न रूपों में दुर्गा भारत और नेपाल के कई मन्दिरों और तीर्थस्थानों में पूजी जाती हैं। कुछ दुर्गा मन्दिरों में पशुबलि भी चढ़ती है। भगवती दुर्गा की सवारी शेर है।

माँ उग्रचंडी।
'उग्रचण्डी' दुर्गा का एक नाम है। दक्ष ने अपने यज्ञ में सभी देवताओं को बलि दी, लेकिन शिव और सती को बलि नहीं दी। इससे क्रुद्ध होकर, अपमान का प्रतिकार करने के लिए इन्होंने उग्रचंडी के रूप में अपने पिता के यज्ञ का विध्वंस किया था। इनके हाथों की संख्या १८ मानी जाती है। आश्विन महीने में कृष्णपक्ष की नवमी दिन शाक्तमतावलंबी विशेष रूप से उग्रचंडी की पूजा करते हैं।

Wednesday, February 04, 2015

बसन्त पंचमी कथा।



बसन्त पंचमी कथा।
सृष्टि के प्रारंभिक काल में भगवान विष्णु की आज्ञा से ब्रह्मा ने जीवों, खासतौर पर मनुष्य योनि की रचना की। अपनी सर्जना से वे संतुष्ट नहीं थे। उन्हें लगता था कि कुछ कमी रह गई है जिसके कारण चारों ओर मौन छाया रहता है। विष्णु से अनुमति लेकर ब्रह्मा ने अपने कमण्डल से जल छिड़का, पृथ्वी पर जलकण बिखरते ही उसमें कंपन होने लगा। इसके बाद वृक्षों के बीच से एक अद्भुत शक्ति का प्राकट्य हुआ। यह प्राकट्य एक चतुर्भुजी सुंदर स्त्री का था जिसके एक हाथ में वीणा तथा दूसरा हाथ वर मुद्रा में था। अन्य दोनों हाथों में पुस्तक एवं माला थी। ब्रह्मा ने देवी से वीणा बजाने का अनुरोध किया। जैसे ही देवी ने वीणा का मधुरनाद किया, संसार के समस्त जीव-जन्तुओं को वाणी प्राप्त हो गई। जलधारा में कोलाहल व्याप्त हो गया। पवन चलने से सरसराहट होने लगी। तब ब्रह्मा ने उस देवी को वाणी की देवी सरस्वती कहा। सरस्वती को बागीश्वरी, भगवती, शारदा, वीणावादनी और वाग्देवी सहित अनेक नामों से पूजा जाता है। ये विद्या और बुद्धि प्रदाता हैं।संगीत की उत्पत्ति करने के कारण ये संगीत की देवी भी हैं। बसन्त पंचमी के दिन को इनके जन्मोत्सव के रूप में भी मनाते हैं। ऋग्वेद में भगवती सरस्वती का वर्णन करते हुए कहा गया है-

प्रणो देवी सरस्वती वाजेभिर्वजिनीवती धीनामणित्रयवतु।
अर्थात ये परम चेतना हैं। सरस्वती के रूप में ये हमारी बुद्धि, प्रज्ञा तथा मनोवृत्तियों की संरक्षिका हैं। हममें जो आचार और मेधा है उसका आधार भगवती सरस्वती ही हैं। इनकी समृद्धि और स्वरूप का वैभव अद्भुत है।पुराणों के अनुसार श्रीकृष्ण ने सरस्वती से ख़ुश होकर उन्हें वरदान दिया था कि वसंत पंचमी के दिन तुम्हारी भी आराधना की जाएगी और यूँ भारत के कई हिस्सों में वसंत पंचमी के दिन विद्या की देवी सरस्वती की भी पूजा होने लगी जो कि आज तक जारी है।